logo

Ranchi : विरासत की राजनीति करने वालों को झारखंड के संघर्ष का बोध नहीं-सुदेश महतो

a1022.jpg

रांची:  
आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि विरासत की राजनीति करने वालों को झारखंड के संघर्ष का बोध नहीं है। विरासत के नाम पर राजनीति में उभरने वाले लंबे समय तक नहीं टिकते। हम किसी के नाम पर नहीं अपने काम से और युवाओं की दारोमदारी से राजनीतिक हालात बदलेंगे। हमें झारखंड की विरासत को बचाए रखने के लिए संघर्ष करना होगा।


रांची के गीतांजलि सभागार में सभी जिलों के अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, प्रवक्ता एवं सोशल मीडिया प्रभारियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने ये बातें कही। इसके साथ ही पार्टी के जन संग्रह धन संग्रह कार्यक्रम को नई ऊर्जा के साथ अभियान को पुनः गति देने पर जोर दिया। 

 

जमीन पर बैठने वाला चेहरा ही हमारा लीडर!
सुदेश महतो ने कहा‌ कि जमीन पर बैठने वाला चेहरा ही हमारा लीडर है। पार्टी 1 लाख सक्रिय और पदेन कार्यकर्ताओं की कतार जल्दी खड़ी कर लेगी। यह कतार नेतृत्व संभालेगी और समाज के अंतिम पायदान को जगायेगी। और जब यह समाज जाग जायेगा, तो कोई  परिवार (बाप- भाई) के नाम पर राजनीति नहीं चमका पायेगा। कहा कि लीडरशिप का मौका आजसू सबसे ज्यादा और खुलकर देती है। हर युवा और सक्रिय कार्यकर्ता सक्रियता और एकाग्रता से मंजिल हासिल करने की जिद्द और जुनून पैदा करें।

 
उन्होंने कहा कि इस बैठक में महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई है। इसका मकसद है कि बौद्धिक स्तर पर पार्टी की पृष्ठभूमि का दायरा बढ़ाकर राजनीतिक हालात बदलना। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी मेहनत और क्षमता के साथ भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।  

झारखंड आंदोलन का इतिहास आजसू से जुड़ा!
आजसू प्रमुख ने कहा कि इस प्रदेश की ख्वाहिशें बहुत हैं। ख्वाहिशों को पूरा करने के लिए चुनौतियां स्वीकार करते हुए राजनीति में अपनी भूमिका और जगह सुनिश्चित करनी होगी। आजसू  के साथ झारखंड में आंदोलन का इतिहास जुड़ा है। राजनीति में उतार-चढ़ाव आती रहती हैं लेकिन, हमारी पहचान और वजूद कायम है। आने वाले समय में परिदृश्य बदलने का संकल्प लेकर बढते रहना है। 

चोरी और सीनाजोरी की तर्ज पर प्रदेश की सत्ता! 
इस मौके पर सांसद‌‌ चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि झारखंड में सत्ता चोरी और सीनाजोरी भी की तर्ज पर चल पड़ी है। ईडी के छापे सत्ता के इर्द गिर्द रहने रहने वाले के यहां पड़ रहे हैं। इन छापों में जो चीजें मिल रही हैं, तथ्य सामने आ रहे हैं, वह सब उनकी लूट को प्रमाणित करता है। आजसू के कार्यकर्ता सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की लूट और झूठ को आम जनता के बीच पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में अराजकता का माहौल है।

सोशल मीडिया के सकारात्मक पक्ष को अपनाएं
लंबोदर महतो ने कहा कि सोशल मीडिया के सकारात्मक पक्षों को अपनाने की जरूरत है। टि्वटर, इंस्टाग्राम, ब्लॉग का इस्तेमाल अधिक हो और इसमें सामूहिकता दिखे। भाषा पर ध्यान जरूरी है।  इस प्लेटफार्म पर जनसमस्याओं को मुखरता से उठाएं। मौजूदा राजनीतिक हालात में सरकार घटनाओं पर त्वरित और तथ्यात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करे।  

कार्यक्रम में प्रवक्ता सहित कई लोग रहे शामिल
बैठक में पार्टी‌ की केंद्रीय संगठन सचिव शालिनी गुप्ता,  मुख्य प्रवक्ता देवशरण भगत विनय भरत, गुंजल इकीर मुंडा  ने सांगठनिक क्षमता बढ़ाने और‌  सोशल मीडिया पर प्रभावी छाप दिखाने पर जोर दिया।  इनके अलावा राजनीति में सोशल मीडिया के प्रभाव, मीडिया की भूमिका पर कई जानकारों ने विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी ने किया। बैठक में मुख्य तौर पर पूर्व विधायक उमाकांत रजक कुशवाहा शिवपूजन मेहता, रोशन लाल चौधरी, राजेंद्र मेहता, नंदू पटेल नीरू शांति भगत, सुबोध प्रसाद, तरूण गुप्ता, तिवारी महतो, बनमाली मंडल, परवाज खान आदि मौजूद थे।