logo

करप्शन बन गया है शासन का आचरण जनमुद्दों पर संघर्ष तेज करें कार्यकर्ता : सुदेश महतो

ajsu010.jpg

रांची
आजसू पार्टी ने झारखंड में अपनी सांगठनिक गतिविधियों को तेज कर दिया है। जिला सम्मेलनों के बाद अब हर विधानसभा क्षेत्र में मिलन समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं को बड़े राजनीतिक और वैचारिक संघर्ष के लिए तैयार किया जा रहा है। यह बात आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने गेतलसूद डैम के किनारे आयोजित खिजरी विधानसभा स्तरीय मिलन समारोह को संबोधित करते हुए कही। सुदेश महतो ने कहा कि राजनीति केवल चुनाव का पर्व नहीं, बल्कि सतत संघर्ष का मैदान है। राजनीतिक कार्यकर्ताओं को जनमुद्दों पर लगातार संघर्ष करते रहना चाहिए। झारखंड में आज एक बड़े वैचारिक और राजनीतिक संघर्ष की जरूरत है और कार्यकर्ताओं को इसकी पूरी तैयारी करनी होगी।


उन्होंने मौजूदा राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड की सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल हो चुकी है। हर योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही है। युवाओं से किए गए वादे पूरे नहीं हुए। रोजगार, नियोजन, कानून-व्यवस्था और पलायन जैसे मुद्दों पर सरकार का खराब प्रदर्शन साफ दिखाई दे रहा है। लाखों रिक्त पदों पर पारदर्शी नियुक्ति के लिए आज तक कोई ठोस रोडमैप सामने नहीं आया।
सुदेश महतो ने कहा कि विस्थापितों को उनका हक नहीं मिल रहा है और पुनर्वास की प्रक्रिया ठप पड़ी है। आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग के छात्रों को दो वर्षों से छात्रवृत्ति नहीं मिली है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पेसा कानून के तहत ग्राम सभाओं की शक्ति को कमजोर किया जा रहा है। अंचल कार्यालयों से लेकर थानों तक भ्रष्टाचार और अनियमितताएं आम हो चुकी हैं और नौकरशाही अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है।
उन्होंने ऐलान किया कि आजसू पार्टी इस लड़ाई को गांव-गांव से लेकर सचिवालय तक ले जाएगी। हर मुद्दे पर सशक्त और निरंतर आंदोलन चलेगा। संघर्ष की नींव गांवों में रखी जाएगी और कार्यकर्ता इसमें अहम भूमिका निभाएंगे।


सरकार ने युवा सपनों को रौंदा : संजय मेहता
हजारीबाग लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं पार्टी महासचिव संजय मेहता ने कहा कि झारखंड निर्माण का दर्द आजसू सबसे अधिक महसूस करती है। हेमंत सरकार में विजन और रोडमैप का घोर अभाव है। हर जिले में भ्रष्टाचार चरम पर है। कोयला और बालू माफिया सरकारी संरक्षण में फल-फूल रहे हैं। 10 लाख नौकरियों का वादा पूरी तरह खोखला साबित हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार, प्रशासन और माफिया की सांठगांठ के कारण विस्थापितों पर फर्जी मुकदमे लादे जा रहे हैं। आजसू पार्टी अंतिम सांस तक विस्थापितों के साथ खड़ी रहेगी और इन मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी।
झारखंड बचाने की लड़ाई सबको मिलकर लड़नी होगी : डोमन सिंह मुंडा
आजसू बुद्धिजीवी मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष डोमन सिंह मुंडा ने कहा कि झारखंड को बचाने की लड़ाई सामूहिक रूप से लड़नी होगी। सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर पर वैचारिक रूप से मजबूत कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की जा रही है। प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को जनमुद्दों पर सशक्त बनाया जाएगा।
खिजरी सम्मेलन में सैकड़ों युवाओं ने थामा आजसू का दामन
खिजरी विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में सैकड़ों युवाओं ने आजसू पार्टी की सदस्यता ली। मेसरा अस्पताल के निदेशक कुदरत शेख के नेतृत्व में 50 युवाओं ने पार्टी जॉइन की। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, रांची जिला अध्यक्ष संजय महतो, जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित साहू, केंद्रीय सचिव राजेंद्र शाही मुंडा सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest