logo

दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मिले आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, इन मुद्दों पर हुई बात

a387.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

नई दिल्ली स्थित संसद भवन में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें पुनः देश का गृह एवं सहकारिता मंत्री बनने पर हार्दिक बधाई दी। इसके साथ ही झारखंड राज्य में विकास कार्यों और वर्तमान राजनीतिक हालात पर भी चर्चा की। आजसू अध्यक्ष ने राज्य की जरूरतों और विषयों के बारे में भी केंद्रीय मंत्री को जानकारी दी। सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि लोकप्रिय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गठित एनडीए की सरकार तीसरे कार्यकाल में भी देश में विकास और सफलता के नये आयाम स्थापित करेगी।

झारखंड में बीजेपी की प्रमुख सहयोगी है आजसू
गौरतलब है कि झारखंड में आजसू पार्टी, भारतीय जनता पार्टी की प्रमुख सहयोगी है। 2014 में साथ लड़े तो राज्य में सरकार बनाई थी। 2019 में अलग हो गये तो सत्ता गंवानी पड़ी। बाद में कई उपचुनाव भी हारे। आखिरकार जब साथ आये तो रामगढ़ में उपचुनाव जीता। 2024 में इस गठबंधन ने मिलकर 9 सीटें जीती। हालांकि, बीच में थोड़ी कड़वाहट की अटकलें भी लगी जब गिरिडीह से सांसद चुने गये आजसू पार्टी के चंद्रप्रकाश चौधरी को मंत्री नहीं बनाया गया। पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो ने तो सार्वजनिक मंच पर कुछ नहीं कहा लेकिन कयास लगे कि वो दिल्ली में होते हुए भी नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करने राष्ट्रपति भवन नहीं पहुंचे।

इस बीच सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कह दिया कि हमें उम्मीद थी कि गठबंधन का सहयोगी होने के नाते हमें मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी लेकिन, निराश हूं। हम पार्टी में विचार करेंगे फिर कोई निर्णय लेंगे। हालांकि, बाद में फिर सब शांत हो गया। 

झारखंड में चुनाव के लिहाज से अहम है मुलाकात
झारखंड में अगले 4 महीने में विधानसभा के चुनाव होने जा रहे हैं। सभी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने स्तर से तैयारी शुरू कर दी है। कल्पना मुर्मू सोरेन ने जहां हुसैनाबाद से झारखंड मुक्ति मोर्चा को तैयारी का संदेश दिया तो वहीं कांग्रेस पार्टी को दिल्ली से गुरुमंत्र मिला। बीजेपी ने भी कार्यक्रमों की श्रृंखला का ऐलान करके चुनावी शंखनाद कर दिया है। आजसू पार्टी भी हल्लाबोल कार्यक्रम का आयोजन करा रही है। इस बीच पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो की गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात काफी मायने रखती है। 

Tags - Sudesh MahtoHome Minister Amit ShahBJPAJSU PartyJharkhand News