logo

छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ AJSU का हल्लाबोल, सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता; सरकार का पुतला दहन

छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ AJSU का हल्लाबोल, सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता; सरकार का पुतला दहन

रांची 

JPSC-JSSC में कथित धांधली के खिलाफ हुए छात्रों के आंदोलन के दौरान पुलिसिया कार्रवाई और विधानसभा घेराव के वक्त छात्रों के ऊपर किए गए बल प्रयोग के विरोध में आजसू पार्टी रांची जिला कमेटी द्वारा रविवार को राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सरकार का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया गया। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व रांची जिला अध्यक्ष संजय कुमार महतो ने किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और स्पष्ट कहा कि छात्रों की आवाज को लाठी, पुलिसिया दमन के दम पर दबाया नहीं जा सकता।

सरकार को युवाओं की आवाज सुननी चाहिए

आजसू पार्टी ने कहा कि JPSC और JSSC-CGL के अभ्यर्थियों का आंदोलन केवल कुछ छात्रों का आंदोलन नहीं है, बल्कि यह झारखंड के लाखों छात्र-युवाओं के सम्मान, अधिकार, रोजगार और भविष्य की लड़ाई है। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को रखने वाले अभ्यर्थियों पर पुलिस की कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पार्टी ने कहा कि सरकार को युवाओं की आवाज सुननी चाहिए, न कि उनके लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलने का प्रयास करना चाहिए। लाठीचार्ज समस्या का समाधान नहीं, बल्कि सरकार की विफलता और संवेदनहीनता का प्रमाण है। आजसू पार्टी ने सरकार से मांग की है कि छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

आजसू पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी

पार्टी ने दोहराया कि झारखंड के युवाओं के अधिकार और भविष्य के सवाल पर आजसू पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से रांची जिला कार्यकारी अध्यक्ष हकीम अंसारी, केंद्रीय मीडिया प्रभारी परवाज़ खान, कुमुद वर्मा, केंद्रीय महासचिव पार्वती देवी, रूपलाल महतो, रांची जिला प्रवक्ता सूरज मिश्रा, मदन महतो, कांके प्रखंड अध्यक्ष अमन लाल सहदेव, मनोज महतो, आनंद महतो सहित पार्टी कार्यकर्ता एवं छात्र-युवा उपस्थित रहे। वहीं, छात्र आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष ओम वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष बबलू महतो, ऋतुराज शाहदेव, अमन साहू, सक्षम झा, राज दुबे, राधिका साहू, रूपम, चेतन प्रकाश, अजीत कुमार, अमित यादव, प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन में भाग लिया।

Tags - JPSC JSSC Student Protest AJSU Party