बोकारो
आजसू पार्टी बोकारो जिला कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को बोकारो परिसदन में संपन्न हुई। बैठक में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश कुमार महतो ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की ताकत उसके सक्रिय कार्यकर्ताओं और मजबूत संगठनात्मक ढांचे में निहित है। कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ आम जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर सांगठनिक गतिविधियों को तेज करने तथा जनता के साथ निरंतर संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।

लगातार संघर्ष करने का संकल्प लिया
बैठक की अध्यक्षता आजसू पार्टी बोकारो जिला अध्यक्ष सचिन महतो ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष संजय दास ने किया। इस अवसर पर उत्तरी छोटानागपुर प्रभारी सह पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो, मांडू विधायक निर्मल महतो, केंद्रीय महासचिव काशीनाथ सिंह, जिला परिषद सदस्य राजेश महतो, विमला देवी, अमरदीप महाराज, बोकारो मुखिया संघ के अध्यक्ष जयलाल महतो, केंद्रीय सचिव राजेश विश्वकर्मा, बुच्चू सिंह, अश्विनी महतो, बिगन महतो, नवीन महतो, संतोष महतो, संजय चक्रवर्ती, दुर्गा चरण महतो, केंद्रीय सदस्य अशोक सिंह, सुशेन रजवार, सुरजन कपरदार सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, पार्टी की गतिविधियों को गति देने, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को तेज करने सहित विभिन्न सांगठनिक विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने का संकल्प लिया।
.jpeg)
27 अगस्त को केंद्रीय कार्यालय में महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक
आजसू पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देने के उद्देश्य से 27 अगस्त 2026, गुरुवार को प्रातः 10 बजे से आजसू पार्टी केंद्रीय कार्यालय, हरमू, रांची में महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक आयोजित की गई है। बैठक में सभी जिलों के जिला अध्यक्ष, जिला संयोजक, जिला प्रभारी, प्रमंडल प्रभारी, BLA-1 तथा सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए बनाए गए प्रभारी आमंत्रित हैं। बैठक में केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो के प्रस्तावित विधानसभा क्षेत्रवार दौरे, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के सभी प्रखंडों में सांगठनिक तैयारी, विशिष्ट जनों से संवाद, बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार तथा आगामी राजनीतिक एवं सांगठनिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो करेंगे। सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं प्रभारियों से आग्रह किया गया है कि वे निर्धारित समय पर बैठक में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें