logo

शहीदों के बलिदान को याद करते हुए हरेलाल महतो ने निकाली विशाल बाइक रैली

शहीदों के बलिदान को याद करते हुए हरेलाल महतो ने निकाली विशाल बाइक रैली

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड आंदोलन के शहीद अजित महतो और धनंजय महतो के बलिदान को याद करते हुए भाजपा नेता हरेलाल महतो ने बुधवार को विशाल बाइक रैली निकाली। तिरुलडीह गोलीकांड के शहीदों के शहादत दिवस पर निकली इस रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। चांडिल के कुरली से शुरू हुई रैली चौका मोड़, चोगा, आदारडीह होते हुए तिरुलडीह स्थित शहीद स्थल पहुंची। यहां शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद रैली कुकड़ू प्रखंड मुख्यालय पहुंची और अंत में सिरुम शहीद चौक पर संपन्न हुई। इस दौरान शहीद धनजंय महतो की पत्नी बारी देवी और सुपुत्र उपेन महतो भी शामिल थे। इस दौरान भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तिरुलडीह शहीद चौक पर शहीद अजित महतो और धनंजय महतो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। रैली के दौरान 'शहीद अजित-धनंजय महतो अमर रहें', 'झारखंड के तमाम शहीद अमर रहें' और 'जय झारखंड' के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।


सरकारी नौकरी की मांग
शहादत दिवस पर भाजपा नेता हरेलाल महतो ने शहीद परिवारों को सरकारी नौकरी और उचित सम्मान नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि शहीद परिवार को नौकरी देने के कई आश्वासन दिए गए, लेकिन 44 साल बीत जाने के बाद भी वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों के परिवारों को सम्मान और सरकारी सहायता मिलनी चाहिए थी, लेकिन आज भी उन्हें इसके लिए इंतजार करना पड़ रहा है। हरेलाल महतो ने बताया कि उन्होंने अपने निजी खर्च से शहीद धनंजय महतो के परिवार के लिए पक्का मकान बनवाया है। उन्होंने कहा कि शहीद परिवार की सहायता के लिए वह आगे भी हरसंभव प्रयास करते रहेंगे।


भाजपा-एनडीए सरकार बनने पर बड़े सम्मान का ऐलान
हरेलाल महतो ने घोषणा की कि भविष्य में भाजपा-एनडीए गठबंधन की सरकार बनने पर शहीद अजित-धनंजय महतो के परिवारों के साथ-साथ तिरुलडीह गोलीकांड में घायल हुए और जेल गए आंदोलनकारियों को भी बड़े स्तर पर सम्मान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शहीदों के बलिदान और आंदोलनकारियों के संघर्ष को झारखंड के इतिहास की अमूल्य धरोहर बताया। शहादत दिवस पर निकली बाइक रैली और श्रद्धांजलि कार्यक्रम के जरिए शहीदों के बलिदान को याद करने के साथ उनके परिजनों के सम्मान, सरकारी सहायता और रोजगार के अधूरे वादों का मुद्दा भी चर्चा में रहा।

Tags - Jharkhand News Harel al Mahato BJP News Jharkhand Movement Martyrs Day