logo

JSSC-JPSC : AISF और AIYF ने किया 10 अगस्त को झारखंड बंद का ऐलान

band6.jpg

द फॉलोअप, रांची

ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) एवं ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (AIYF) ने 10 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया है। यह बंद झारखंड के छात्र-युवाओं के भविष्य से जुड़े विभिन्न सवालों और विशेष रूप से 14वीं JPSC परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर किया जा रहा है। AISF के प्रदेश सह सचिव अफजल दुर्रानी ने बयान जारी कर कहा कि 14वीं JPSC परीक्षा को लेकर छात्रों और अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश है। JPSC की परीक्षाओं में लगातार विवाद और अनियमितताओं के कारण झारखंड के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। सरकार को छात्रों की आवाज सुनते हुए तत्काल 14वीं JPSC को रद्द करना चाहिए। उन्होंने कहा कि 10 अगस्त का झारखंड बंद छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लोकतांत्रिक लड़ाई है। सरकार अगर समय रहते छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। यहां यह दिलचस्प स्थिति है कि 10 अगस्त को ही जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच ने विधानसभा घेराव की घोषणा की है।


प्रमुख मांगें
14वीं JPSC परीक्षा तत्काल रद्द की जाए।
JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए।
सभी लंबित बैकलॉग नियुक्तियां अविलंब पूरी की जाएं।
क्लस्टर सिस्टम वापस लिया जाए।
ई-कल्याण छात्रवृत्ति की लंबित राशि का अविलंब भुगतान किया जाए।
परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितता के लिए जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
AISF ने झारखंड के छात्रों, युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों से 10 अगस्त के झारखंड बंद को सफल बनाने की अपील की।

Tags - AISF AIYF Jharkhand Bandh August 10 Student Protest