रांची
आइसा रांची इकाई द्वारा वीर शहीद बुधु भगत विश्वविद्यालय (पूर्व में डीएसपीएमयू) परिसर में "यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स रेफरेंडम" का आयोजन दूसरे दिन भी जारी रहा। इस छात्र जनमत संग्रह का उद्देश्य विश्वविद्यालय में छात्रहित से जुड़े 11 अहम मुद्दों पर विद्यार्थियों की राय जानना था।
छात्रों से जिन प्रमुख सवालों पर राय ली गई, उनमें शामिल थे:
• सत्र का समय पर संचालन
• पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं
• वाई-फाई और स्मार्ट क्लास हेतु डिजिटल बोर्ड की व्यवस्था
• लैंगिक उत्पीड़न रोकने के लिए GSCASH और ICC का गठन
• प्रयोगशालाओं में उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता
• विषयवार नई पुस्तकें और शोध पत्रिकाएं
• छात्रावास सुविधाएं
• NEP 2020 के तहत फीस वृद्धि का प्रभाव
• छात्रसंघ चुनाव
• खेल सामग्री की उपलब्धता
• दूरदराज के छात्रों के लिए बस सेवा की व्यवस्था

छात्रों को इन सवालों के उत्तर “हां” या “नहीं” में देने थे।
इस रेफरेंडम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान आइसा का सदस्यता अभियान भी संचालित किया गया। कई अन्य छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी इसमें हिस्सा लिया और अपने विचार प्रकट किए।
रेफरेंडम की मतगणना सोमवार, 29 जुलाई 2025 को दोपहर 2 बजे विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के समक्ष की जाएगी। इस प्रक्रिया में छात्रों के साथ-साथ विश्वविद्यालय के अधिकारी, प्रोफेसर और मीडियाकर्मी भी मौजूद रहेंगे।
आइसा ने यह स्पष्ट किया कि मतगणना के बाद वह छात्रहित के सवालों को लेकर प्रशासन और सरकार के समक्ष मजबूती से आवाज उठाएगा और समाधान के लिए सक्रिय संघर्ष करेगा। इस कार्यक्रम में आइसा झारखंड राज्य सचिव त्रिलोकीनाथ, अनुराग रॉय, सोनाली केवट, छुटुराम महतो, विजय कुमार, शालीन कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
