logo

अग्निवीर जवान ने प्रेमिका को मारकर जंगल में दफना दिया, फिर गढ़ दी किडनैपिंग की झूठी कहानी

अग्निवीर जवान ने प्रेमिका को मारकर जंगल में दफना दिया, फिर गढ़ दी किडनैपिंग की झूठी कहानी

सिमडेगा:
Simdega News: सिमडेगा में एक अग्निवीर जवान (Agniveer soldier) पर अपनी प्रेमिका की हत्या कर शव को जंगल में दफनाने का आरोप लगा है। पुलिस ने अपहरण की झूठी शिकायत कर पुलिस को गुमराह करने के मामले का खुलासा (expose) करते हुए युवती की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार(Arrest) किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने प्रेमिका की हत्या करने के बाद उसके अपहरण की कहानी गढ़ी और अगले दिन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी अनित एक्का (Anit Ekka) (21) को गिरफ्तार कर लिया है। बीते 26 सितंबर को टी.टांगर थाना में युवती के अपहरण को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पूछताछ में हत्या की बात कबूल की
एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान 27 सितंबर को मच्छकटा (झरिया डीपा), बोलबा निवासी अनित एक्का को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने युवती की हत्या करने की बात स्वीकार की।

वर्ष 2022 में पढ़ाई के दौरान हुआ था प्रेम
एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने बताया कि अनित एक्का और झरना टोप्पो के बीच वर्ष 2022 में सिमडेगा कॉलेज में पढ़ाई के दौरान प्रेम संबंध हुआ था। वर्ष 2024 में अग्निवीर के रूप में चयन होने के बाद अनित भोपाल में प्रशिक्षण और बाद में बारामुला में पदस्थापित था। पुलिस के अनुसार, इस दौरान भी वह झरना को पैसे भेजता था। बाद में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा।

महिला थाना में शिकायत के बाद शादी को लेकर हुआ था समझौता
पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद झरना ने महिला थाना में शिकायत की थी। इसके बाद दोनों के बीच शादी को लेकर समझौता भी हुआ था। हालांकि, मई 2026 के बाद दोनों के बीच विवाद दोबारा बढ़ गया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि झरना उससे कोर्ट मैरिज करने या 15 लाख रुपये देने की मांग कर रही थी। साथ ही, केस में फंसाने की धमकी देने का भी आरोपी ने दावा किया।

छुट्टी में घर आया और जंगल ले जाकर कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, इसी विवाद से परेशान होकर छुट्टी में घर आए अनित ने 24 सितंबर को झरना को स्कूटी से मच्छकटा जंगल ले गया। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने मारपीट की और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

बोरे में भरकर शव दफनाया, मोबाइल नदी में फेंका
हत्या के बाद आरोपी ने शव को बोरे में भर दिया और शंख नदी के किनारे ले गया। पुलिस के अनुसार, वहां उसने कुदाल से गड्ढा खोदा और शव को दफना दिया। इसके बाद युवती का मोबाइल नदी में फेंक दिया, ताकि पुलिस को उसके बारे में कोई सुराग न मिल सके।

हत्या के बाद खुद थाने पहुंचकर दर्ज कराई अपहरण की शिकायत
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की योजना बनाई। इसी के तहत 26 सितंबर को वह थाने पहुंचा और झरना के अपहरण की झूठी शिकायत दर्ज करा दी। शुरुआत में मामला अपहरण का लग रहा था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर पड़ताल आगे बढ़ाई।

पुलिस की पूछताछ में खुला पूरा राज
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी पर संदेह हुआ। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में पुलिस के अनुसार उसने हत्या और शव को दफनाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने मामले में आरोपी अनित एक्का को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Tags - Agniveer Simdega Crime News Jharkhand Police Crime News