logo

मीडिया एकादश को हराने के बाद विधायकों ने अपने “कप्तान” हेमंत सोरेन को सौंपी ट्रॉफी

0819.jpg

द फॉलोअप डेस्क

विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार की शाम राजनीति के धुरंधर और कलम के सिपाहियों के बीच हुए क्रिकेट मैच में बाजी विधायकों ने मारी। दरअसल मुख्यमंत्री एकादश और पत्रकार एकादश के बीच एक मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन खेलगांव में हुआ था। जिसमें पत्रकार एकादश को 31 रनों से मात देकर मुख्यमंत्री एकादश ने ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। गुरुवार को टीम के सदस्यों ने अपने कप्तान यानी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में मुलाकात की। उन्हें जीती हुई  ट्रॉफी सौंपी। मौके पर मंत्री मिथिलेश ठाकुर, हफीजुल हसन अंसारी,  विधायक प्रदीप यादव, रणधीर सिंह, दीपिका पांडे सिंह, सरफराज अहमद, पूर्णिमा नीरज सिंह, समीर मोहंती, अनूप सिंह, इरफान अंसारी और संजीव सरदार सहित अन्य उपस्थित थे।

सुदेश महतो बने थे मैन ऑफ द मैच
मैत्री मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री एकादश ने 16 ओवर में कुल 172 रन का स्कोर बनाया था। जिसमें सुदेश महतो ने सर्वाधिक 73 रनों की पारी खेली थी। रणधीर सिंह ने 47, प्रदीप यादव ने 6, अनूप सिंह ने 1, नवीन जायसवाल ने 7, अमर बाउरी ने 2, विकास मुंडा ने 7, इरफान अंसारी ने 8 और अनंत ओझा ने 2 रन बनाए थे। वहीं, जवाबी पारी खेलने उतरी पत्रकार एकादश की टीम 141 रन पर ही सिमट गई थी। पत्रकार की ओर से रूपेश ने सर्वाधिक 33 रन बनाया था। इसके बाद सतीश सिंह ने 30, अशोक गोप ने 19, राजेश सिंह ने 14, राजेश कुमार ने 7 और जावेद ने 7 रन का योगदान दिया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार सुदेश महतो को मिला था। जबकि, बेस्ट बैट्समैन रणधीर सिंह और बेस्ट बॉलर का पुरस्कार राजेश कुमार को मिला था। वहीं, बेस्ट फील्डर के पुरस्कार पर विकास मुंडा ने कब्जा जमाया था।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT