logo

वो 3 वजह जिससे कल्पना नहीं पाईं सीएम, पढ़िए पूरी रिपोर्ट

kalpana2.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
जमीन घोटाला मामले में ईडी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, राज्य का नया मुख्यमंत्री भी चुन लिया गया है। झारखंड के नए मुख्यमंत्री चंपई सोरेन होंगे। उन्हें गठबंधन की बैठक में विधायक दल का नेता चुना गया। हालांकि, अभी तक माना जा रहा था कि हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। 


हेमंत सोरेन की भाभी ने आपत्ति जताई थी
दरअसल, अब तक कल्पना सोरेन के मुख्यमंत्री बनाने जाने की खबर सुर्खियों में थी। कल्पना सोरेन मंगलवार को सीएम आवास पर गठबंधन विधायकों की बैठक में मौजूद थीं। इसके बाद ये कयास कयास लगाए जा रहे थे कि अगली सीएम कल्पना होंगी। हालांकि, इसके बाद सोरेन परिवार में असहमति की खबर सामने आई। हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना के नाम पर उनकी भाभी और जेएमएम विधायक सीता सोरेन ने आपत्ति जताई। सीता सोरेन ने कहा, "मैं पूछना चाहूंगी कि केवल कल्पना सोरेन ही क्यों, जो विधायक भी नहीं हैं और उनके पास कोई राजनीतिक अनुभव भी नहीं है। किस परिस्थिति में उनका नाम अगले मुख्यमंत्री के तौर पर उछाला जा रहा है, जबकि पार्टी में इतने सारे वरिष्ठ नेता हैं।" 


बसंत सोरेन ने भी जताई आपत्ति, कानूनी अड़चन भी थी
सूत्रों की मानें तो हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन और उनका छोटा भाई बसंत सोरेन, कल्पना सोरेन के नाम पर राजी नहीं हुए। दूसरी तरफ कल्पना सोरेन को सीएम बनाए जाने में कानूनी अड़चनों का भी हवाला दिया जा रहा था। कल्पना सोरेन फिलहाल विधायक नहीं हैं, लेकिन एक विधायक सीट छोड़ चुके हैं। इसके बाद से ही ये अटकलें लगाई जाने लगीं कि कल्पना अगली सीएम बन सकती हैं। दरअसल पांचवीं विधानसभा का कार्यकाल एक साल से कम बचा होने की वजह से गांडेय विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने में अड़चन है। गांडेय विधानसभा सीट से डॉ. सरफराज अहमद ने व्यक्तिगत कारण बता कर 30 दिसंबर 2023 को इस्तीफा दे दिया था। अब यहां उपचुनाव को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। कल्पना सोरेन के विधायक नहीं रहने की वजह से सीएम बनाने में तकनीकी दिक्कत आएगी। अगर गांडेय की खाली सीट पर उपचुनाव नहीं हुआ तो कल्पना छह माह बाद सीएम नहीं रह पाएंगी।