logo

महाधिवक्ता राजीव रंजन पहुंचे XLRI जमशेदपुर, विशेष सत्र में छात्रों को किया संबोधित

jm.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मंगलवार को XLRI- जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में झारखंड के महाधिवक्ता राजीव रंजन पहुंचे। उन्होंने MBA-HRM के छात्रों को “औद्योगिक विवादों के समाधान में राज्य की भूमिका” विषय पर एक विशिष्ट सत्र में संबोधित किया। यह सत्र XLRI दिल्ली-एनसीआर के चीफ स्ट्रैटेजी एवं एचआर प्रमुख हरभजन सिंह द्वारा श्रम कानूनों की व्यावहारिक समझ बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। फरवरी 2020 से झारखंड के 12वें महाधिवक्ता के रूप में कार्यरत राजीव रंजन ने अपने व्यापक विधिक अनुभव के आधार पर छात्रों से रूबरू हुए। जहां उन्होंने बताया कि किस प्रकार राज्य न केवल एक नियामक (रेगुलेटर ) बल्कि एक मध्यस्थ (मीडिएटर ) और सुगमकर्ता (फेसिलिटेटर ) की भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन और कार्यबल के बीच विश्वास और वफादारी औद्योगिक शांति के लिए अनिवार्य हैं।

उन्होंने इंडस्ट्रियल डिस्प्यूट एक्ट की प्रमुख धाराओं और झारखंड समेत देशभर के महत्वपूर्ण मामलों का हवाला देते हुए छात्रों को कानूनी परिदृश्य की जानकारी दी। टाटा स्टील को भारत की पहली स्वदेशी कंपनी बताते हुए उन्होंने जमशेदपुर, बोकारो और राउरकेला को देश के औद्योगिक मानचित्र पर “एक समभुज त्रिकोण” के रूप में वर्णित किया, जो झारखंड की औद्योगिक स्थिति की रणनीतिक महत्ता को रेखांकित करता है।

सत्र के अंतिम चरण में छात्रों के साथ हुए प्रश्नोत्तर में उन्होंने श्रम सुधार, विधिक अनुपालन और न्यायपालिका की भूमिका जैसे जटिल विषयों पर सहज और स्पष्ट उत्तर दिए। इस दौरान उन्होंने कानूनी भाषा को भविष्य के मानव संसाधन पेशेवरों के लिए सरल और उपयोगी बनाया। XLRI के प्रोफेसर परमज्योत सिंह ने रंजन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सत्र छात्रों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा। इसके बाद  प्रो. संजय पात्रो और डीन डॉ. फादर डोनाल्ड डिसिल्वा, एस.जे. से भी रंजन ने भेंट की और XLRI की अकादमिक गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने संस्थान को “उद्योग-तैयार पेशेवरों को गढ़ने वाली अग्रणी संस्था” बताया और छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand update jamshedpur news XLRI jamshedpur XLRI jamshedpur news Advocate General Rajiv Ranjan