द फॉलोअप डेस्क
गुमला उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर, जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल ने बाईपास रोड उर्मी और के.ओ. कॉलेज ब्लैक स्पॉट के पास वाहन जांच अभियान चलाया। यह अभियान गुमला जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए चलाया गया, जिनमें लोगों की जान जा रही है। इन दुर्घटनाओं का मुख्य कारण चालकों द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करना है, खासकर दो पहिया वाहन चालकों का बिना हेलमेट गाड़ी चलाना।
इस अभियान के तहत बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, प्रेशर हॉर्न और मल्टी-टोन हॉर्न का उपयोग करने वाले बाइक, ट्रक, हाईवा, कंटेनर और पिकअप जैसे वाहनों की जाँच की गई। इस दौरान, वाहनों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज़ जैसे इंश्योरेंस, ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट, पॉल्यूशन और टैक्स नहीं पाए जाने पर 2,05,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
वाहन चेकिंग के दौरान, 215 से अधिक लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल ने लोगों को गुड सेमेरिटन योजना के बारे में भी बताया। इस योजना के तहत, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को एक घंटे के भीतर (गोल्डन आवर) अस्पताल पहुँचाने वाले व्यक्ति को 2,000 रुपये और एक प्रशंसा पत्र दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे घायल की मदद करें और अपना नाम अस्पताल में दर्ज कराएँ, ताकि उन्हें इस योजना का लाभ मिल सके।
इसके अलावा, हिट एंड रन मामलों के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि अज्ञात वाहन से दुर्घटना होने पर मृत्यु के मामले में 2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायल होने पर 50,000 रुपये का प्रावधान है। इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल, प्रधान लिपिक टी एन निराला, सड़क सुरक्षा प्रबंधक कुमार प्रभास, सूचना प्रौद्योगिकी मंटू रवानी, अश्विनी कुमार, प्रिंस कुमार और पुलिस बल शामिल थे।
