द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग में इस वक्त की बड़ी खबर यह है कि कुड़मी समाज के रेल टेका डहर छेका आंदोलन के तहत हजारीबाग के चरही रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। यह आंदोलन कुड़मी समाज को आदिवासी जनजाति में शामिल करने की मांग को लेकर किया जा रहा है। प्रशासन ने इस आंदोलन के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। आशंका है कि केवल चरही रेलवे स्टेशन पर ही लगभग 5 लाख लोग जुट सकते हैं। इसे देखते हुए, देर रात से ही धारा 144 (जो अब 163 है) लागू कर दी गई है।
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंजनी अंजन ने आंदोलनकारियों को साफ संदेश दिया है कि केंद्र सरकार के आदेशानुसार किसी भी कीमत पर ट्रेन के संचालन में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए। उन्होंने रेलवे स्टेशन या किसी भी ट्रेन को नुकसान पहुंचाने से सख्त मना किया है। एसपी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की भी अपील की है। हजारीबाग के उपायुक्त, एसपी, एसडीओ और कई अन्य अधिकारी देर रात तक चरही रेलवे स्टेशन और रेलवे पटरियों का निरीक्षण करते रहे। क्षेत्र में सुरक्षा बलों की तैनाती भी बढ़ा दी गई है। अब देखना यह है कि यह आंदोलन कैसा रहता है और प्रशासन की तैयारियां कितनी प्रभावी साबित होती हैं।
.jpeg)