logo

दुर्गा पूजा को लेकर रांची में प्रशासन अलर्ट, SSP ने असामाजिक तत्वों के लिए दिये कड़े निर्देश

MANJU.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
आज से दुर्गा पूजा की शुरुआत हो गई है। रांची में दुर्गा पूजा को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है। दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन के अधिकारियों ने पूजा समिति के सदस्यों के साथ बुधवार को बैठक की है। बैठक में कई दिशा निर्देश दिए गये हैं। बैठक की अध्यक्षता डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने की। इस दौरान रांची एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा भी मौजूद थे। एसएसपी ने कहा कि रांची पुलिस धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से एहतियात बरत रही है। उन्होंने सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों को लेकर सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी लोग सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का काम करेंगे उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।

 
पूजा पंडालों में सीसीटीवी के साथ फायर फाइटिंग सिस्टम के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों को तैनात किया जा रहा है। सादे लिबास में भी पुलिस बलों की नियुक्ति की जाएगी। धार्मिक स्थलों और पूजा पंडालों की सुरक्षा के लिए गश्ती पार्टी को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर रहेगी। अफवाह फैलानेवाले लोगों पर भी नजर रहेगी। दुर्गा पूजा के दौरान एक हजार से ज्यादा लोगों की सूची बनाई गई है, जिनपर प्रिवेंटिव एक्शन लेने का निर्देश दिया गया है। 



वहीं इस मौके पर पूजा समितियों के सदस्यों ने भी अपनी परेशानियों से प्रशासन को अवगत कराया। जिसमें बिजली, ट्रैफिक और सड़कों पर गड्ढे की समस्या से अवगत कराया। इसे लेकर प्रशासन ने आश्वस्त किया की इन परेशानियों को पूजा के दौरान दूर कर दी जाएगी। बहरहाल, त्योहारों का सीजन शुरू हो गया है। इस दौरान असामाजिक तत्व भी काफी सक्रिय रहते हैं। जिसे लेकर रांची पुलिस प्रशासन ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली है।