सरायकेला-खरसावां
जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोलियाडीह स्थित शीतला मंदिर के सामने शनिवार दोपहर को एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। स्थानीय लोगों की आंखों के सामने हुई इस घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना स्थल पर मौजूद लोग भय के कारण खुलकर कुछ भी बताने से कतरा रहे है।

गम्हरिया थाना पुलिस सबसे पहले मौके पर पहुंची
घटना आदित्यपुर थाना क्षेत्र का है परंतु गम्हरिया थाना नजदीक होने के कारण सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस सबसे पहले मौके पर पहुंची। इसके बाद आदित्यपुर थाना पुलिस और सरायकेला के एसडीपीओ भी घटनास्थल पहुंचे तथा मामले की गहन जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। गम्हरिया थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान जगन्नाथ गोप (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गम्हरिया का निवासी था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। थाना प्रभारी के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है, हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
.jpeg)
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना के बाद बोलियाडीह, गम्हरिया और आसपास के क्षेत्रों में भय और तनाव का माहौल है। पुलिस लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
