logo

कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में 24 घंटे के भीतर 2 शव मिलने से सनसनी, तालाब से मिली दूसरी लाश

कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में 24 घंटे के भीतर 2 शव मिलने से सनसनी, तालाब से मिली दूसरी लाश

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में लगातार दूसरे दिन शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। महज 24 घंटे के भीतर परिसर से दो अलग-अलग शव बरामद होने के बाद स्थानीय लोगों के बीच भय का माहौल है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6 बजे कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में स्थित तालाब में स्थानीय लोगों ने एक अज्ञात व्यक्ति का शव पानी में तैरते देखा। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। 


एक शव खेत से बरामद हुआ था
स्थानीय नागरिकों ने तत्काल आदित्यपुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। गौरतलब है कि कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में मंगलवार को भी एक युवक का शव मिला था। उस समय शव परिसर के खेतों से बरामद किया गया था। युवक के परिजनों ने उसकी मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई थी। इस घटना के एक दिन बाद ही उसी परिसर के तालाब से दूसरे व्यक्ति का शव मिलने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। लगातार दो दिनों तक शव मिलने की घटनाओं ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल पैदा कर दिया है।


मृतकों की पहचान और मौत के कारणों का इंतजार
फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान और उनकी मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की परिस्थितियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। दोनों घटनाओं के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं, इस बारे में भी फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दुर्गा पूजा के दौरान घनी आबादी के नजदीक स्थित परिसर में लगातार शव मिलने से स्थानीय नागरिकों में दहशत है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कराने और कृषि विज्ञान केंद्र परिसर के आसपास नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Tags - Adityapur News Jharkhand Crime Seraikela Kharsawan Body Recovery Police Investigation