सरायकेला-खरसावां
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलायडीह शीतला मंदिर के समीप शनिवार को हुई युवक जगन्नाथ गोप उर्फ 'काड़ा' की हत्या के विरोध में आज रविवार को परिजनों और स्थानीय बस्तीवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने आदित्यपुर थाना का घेराव कर प्रदर्शन किया और क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मामले में शामिल सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
शनिवार को धारदार हथियार से की गई थी हत्या
जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई शनिवार दोपहर आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलायडीह शीतला मंदिर के पास गोपपाड़ा निवासी 27 वर्षीय जगन्नाथ गोप उर्फ 'काड़ा' पर चार से पांच हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर और गम्हरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की। मामले की पुष्टि SDPO अभिनव भारद्वाज ने की थी। मृतक के भाई सोनू गोप ने शिवम प्रामाणिक, शिबू और गणेश समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, शनिवार सुबह जगन्नाथ और गणेश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कुछ देर बाद प्रेम नायक नामक युवक जगन्नाथ को घर से बुलाकर ले गया, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। 
परिजनों ने सुनाई घटना की आपबीती
रविवार को प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना वाले दिन आरोपियों ने जगन्नाथ को फोन कर घर से बुलाया था। इसके बाद पहले उस पर हथौड़े से हमला किया गया और फिर तलवार से वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने रॉड से भी हमला किया ताकि उसकी मौत सुनिश्चित हो सके।
परिवार के भरण-पोषण और बच्चों के भविष्य की उठी मांग
मृतक की पत्नी पार्वती गोप का लगभग डेढ़ वर्ष पहले निधन हो चुका है। परिवार में उनका आठ वर्षीय पुत्र रीतेश गोप और दो वर्षीय पुत्री रेशमी गोप हैं। प्रदर्शनकारियों ने दोनों बच्चों के भविष्य को देखते हुए परिवार को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की। थाना घेराव की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से वार्ता कर निष्पक्ष जांच तथा फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। वहीं स्थानीय लोगों का दावा है कि पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।