रांची
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस पार्टी द्वारा अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावा मामले में सवाल उठाने पर बड़ा निशाना साधा। साहू ने कहा कि वोट बैंक और तुष्टीकरण की राजनीति में आकंठ डूबी कांग्रेस पार्टी आज अयोध्या राम मंदिर पर घड़ियाली आंसू बहा रही है। कांग्रेस पार्टी के नेता प्रेसवार्ता कर लगातार सवाल पूछ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह वही कांग्रेस पार्टी है, जिसने रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान न्यायालय में एफिडेविट देकर कहा था कि राम एक काल्पनिक पात्र हैं, जिनका कोई जन्मस्थान नहीं है।

कांग्रेस ने कारसेवकों पर गोली चलाने और कारसेवकों की हत्या का समर्थन किया
उन्होंने कहा कि यह वही कांग्रेस है, जिसने कारसेवकों पर गोली चलाने और कारसेवकों की हत्या का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं, जब माननीय उच्चतम न्यायालय ने वर्षों से तिरपाल में रह रहे रामलला के जन्मस्थान को सही माना, तब भी कांग्रेस पार्टी खुशी जाहिर नहीं कर सकी। और जब भव्य मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हुई, तब कांग्रेस पार्टी के नेताओं, चाहे सोनिया गांधी जी हों या राहुल गांधी जी, ने आमंत्रण तक स्वीकार नहीं किया।
उन्होंने कहा कि आज चढ़ावा मामले में कुछ अनियमितताएं उजागर हुई हैं, जिनकी उत्तर प्रदेश सरकार तेजी से जांच करा रही है। जो दोषी चिन्हित हो रहे हैं, उन पर त्वरित कार्रवाई भी की जा रही है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी को राम मंदिर की चिंता सताने लगी है।

कांग्रेस पार्टी के चाल-चरित्र से जनता परिचित है
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के चाल-चरित्र से जनता परिचित है। सनातन संस्कृति और उसके सम्मान को बढ़ाने को लेकर कांग्रेस ने कभी चिंता नहीं की। सोमनाथ मंदिर के उद्घाटन के अवसर पर कांग्रेस नेतृत्व ने ही तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद पर वहां नहीं जाने का दबाव बनाया था, जबकि राजेंद्र बाबू अपने निर्णय पर अडिग रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राम मंदिर की चिंता छोड़ अपने वोट बैंक की चिंता करे। तुष्टीकरण और परिवारवाद की राजनीति ही कांग्रेस की आत्मा है।
