द फॉलोअप डेस्क, रांची:
प्रदेश बीजेपी महामंत्री औऱ राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस पार्टी पर आदिवासी, दलित और पिछड़ों का अपमान करने का आरोप लगाया। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की टीएमसी सांसद द्वारा की गई मिमिक्री और राहुल गांधी द्वारा उसे रिकॉर्ड किए जाने को आदित्य साहू ने पिछड़ा समाज का अपमान बताया। आदित्य साहू ने कहा कि मिमिक्री प्रकरण से कांग्रेस का चाल, चरित्र और चेहरा उजागर हुआ है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की अपरिपक्वता भी उजागर हुई है।

कांग्रेस की टिप्पणी देश नहीं भूलेगा
आदित्य साहू ने कहा कि देश के पूर्व राष्ट्रपति के बारे में कांग्रेस द्वारा की गई टिप्पणी भी देश नहीं भूला है। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी में उनके दलित नेता भी अपमानित होते हैं। आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस सहित इंडिया गठबंधन को आदिवासी राष्ट्रपति और पिछड़ा उपराष्ट्रपति-प्रधानमंत्री बर्दाश्त नहीं है। आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस की सोच में ही राजतंत्र है।

संसद की कार्यवाही बाधित करता है विपक्ष
राज्यसभा सांसद ने कहा कि संसद में जनता जनप्रतिनिधियों को कानून बनाने और कल्याणकारी योजनाएं बनाने के लिए भेजती है लेकिन इंडिया अलायंस के नेता केवल हंगामा करते हैं। आदित्य साहू ने कहा कि सदन में इस बात पर चर्चा हो रही थी कि कम गंभीर अपराधों में सजायक्ता कैदियों को कैसे सामुदायिक कार्यों से जोड़ा जाए। हिट एन रन के मामले में चालक को कैसे 10 साल की सजा दी जाए, लेकिन विपक्ष के सांसद हंगामा कर रहे थे। ऐसे में स्पीकर कार्रवाई को विवश हो जाते हैं।