रांची:
बीजेपी के नव-निर्वाचित राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने शुक्रवार को झारखंड विधानसभा सचिवालय जाकर निर्वाची पदाधइकारी से निर्विरोध राज्यसभा सदस्य का प्रमाण पत्र हासिल किया। इस मौके पर आदित्य साहू के साथ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी भी उपस्थित थे। आदित्य साहू बीजेपी के प्रदेश महामंत्री भी हैं।

सैकड़ों कार्यकर्ता भी सचिवालय पहुंचे थे
सचिवालय से आदित्य साहू द्वारा प्रमाण पत्र हासिल करने के मौके पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी सहित सीपी सिंह, मुख्य सचेतक विरंची नारायण, विधायक अनंत ओझा और समरी लाल भी मौजूद थे। प्रमाण पत्र लेने के बाद आदित्य साहू ने विधानसभा परिसर में मौजूद भगवान बिरसा मुंडा और अटल बिहारी वाजयेपी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान बीजेपी के सैकड़ों कार्यकर्ता भी फूल-मालाओं के साथ पहुंचे थे।
प्रदेश कार्यालय में सम्मान समारोह हुआ
इधर, राज्यसभा चुनाव में निर्विरोध जीत हासिल करने के बाद आदित्य साहू के लिए बीजेपी प्रदेश कार्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि ये ऐतिहासिक क्षण है। एक साधारण कार्यकर्ता को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि लाखों-करोड़ों कार्यकर्ताओं के परिश्रण से आज बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी पॉलिटिकल पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में झारखंड में बीजेपी की सरकार बनेगी।

आदित्य साहू ने पार्टी का आभार व्यक्त किया
नव-निर्वाचित राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि मेरे जैसे सामान्य कार्यकर्ता को राज्यसभा सदस्य बनाए जाने के लिए मैं पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, प्रदेश प्रभारी दिलीप सैकिया और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा का शुक्रिया अदा करता हूं।