द फॉलोअप डेस्क, रांची:
हेमंत सरकार द्वारा JSSC-CGL समेत TDPL की सभी भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा को नाकाफी बताते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने पूरे मामले की CBI जांच की मांग की। आदित्य साहू ने कहा कि CBI जांच के बिना रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में 23 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों की जीत अधूरी है। उन्होंने कहा कि छात्रों को केवल परीक्षायें रद्द हो जाने पर खुश नहीं हो जाना चाहिए। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पहले तो सरकार ने बलप्रयोग के जरिए छात्र आंदोलन का दमन करने का प्रयास किया और जब छात्र डटे रहे तो आखिरकार दबाव में आकर परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा की।

सरकार पर आंदोलनकारियों पर बलप्रयोग का आरोप
आदित्य साहू ने कहा कि पिछले 23 दिन से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन और आमरण अनशन कर रहे छात्र, पिछले 6 साल में TDPL द्वारा ली गई परीक्षाओं को रद्द करने की मांग कर रहे थे, लेकिन सरकार ने उनकी मांग सुनने की जगह लाठियां बरसाईं, आंसू गैस के गोले दागे जिसमें दर्जनों छात्रों को चोट लगी। आखिरकार सरकार बच्चों की मांग मानने को मजबूर हुई है।
पिछले 6 साल में ली गई सभी परीक्षाओं की CBI जांच हो
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 6 साल में ली गई सभी परीक्षाओं की CBI जांच होनी चाहिए। इसमें जो भी सफेदपोश और अधिकारी दोषी पाए जाते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। सरकार को यह गारंटी देना चाहिए कि भविष्य में भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक या किसी प्रकार की धांधली नहीं होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द करने को जीत नहीं समझना चाहिए।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने क्या-क्या ऐलान किया है
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने JSSC-CGL समेत TDPL द्वारा आयोजित कराई गई सभी भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने का ऐलान किया है। 14वीं JPSC पीटी परीक्षा को पहले ही रद्द किया जा चुका है। सीएम ने ऐलान किया है कि कमेटी का गठन करके आयोगों में सुधार का रोडमैप तैयार किया जायेगा।
हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें