logo

आदित्य साहू का आरोप : राहुल गांधी के इशारे पर झारखंड के छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई

BJP001AJ.jpg

रांची 
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने छात्रों के द्वारा विधानसभा घेराव के दौरान की गई बर्बरतापूर्ण पुलिसिया कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने इसके लिए सीधे तौर पर राहुल गांधी को जिम्मेवार ठहराया। प्रदेश अध्यक्ष  साहू ने कहा कि छात्रों के आंदोलन को कुचलने और दबाने के लिए कंटीले तार लगाए गए, आंसू गैस के गोले छोड़े गए, लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल कर छात्रों पर अत्याचार किया गया। छात्राओं के कपड़े तक फाड़ दिए गए, मीडिया तक को भी नहीं छोड़ा गया, कैमरे तोड़े गए, उन्हें पीटा गया। यह सारी चीज राज्य सरकार द्वारा राहुल गांधी के इशारे पर किया गया है। 

कहा, कांग्रेस के समर्थन  से ही है झाऱखंड में सरकार 

साहू ने कहा कि राहुल गांधी दिल्ली एवं भाजपा शासित दूसरे राज्यों में गला फाड़ फाड़ कर छात्रों के मुद्दे उठाते हैं और लेकिन झारखंड के मामले पर उनके मुंह पर ताला जड़ जाता है। राहुल गांधी को छात्रों के नाम पर देश को गुमराह करने और सुविधा की राजनीति करने के लिए देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। साहू ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस के समर्थन से हेमंत सरकार चल रही है। राहुल गांधी मोबाइल से छात्रों से बात करके उन पर दबाव डालने का काम करते हैं परंतु उन्होंने छात्रों के सीबीआई जांच की डिमांड को लेकर कभी भी राज्य सरकार पर दबाव डालने का काम नहीं किया। राहुल गांधी में अगर थोड़ी भी नैतिकता है तो राज्य के छात्रों के साथ सीएम के दरवाजे पर धरना देने का काम करें। अगर उनकी बात सरकार नहीं सुनती है तो उन्हें तत्काल सरकार से समर्थन वापस लेकर छात्रों के मुद्दे पर लड़ाई लड़नी चाहिए। 

झारखंड बंद को पूरी तरह सफल बताया

आदित्य साहू ने छात्रों पर हुए अत्याचार के खिलाफ भाजपा द्वारा बुलाए गए झारखंड बंद को पूरी तरह सफल बताया। कहा कि देर रात में घोषणा करने के बावजूद राज्य भर में व्यापक जनसमर्थन देने के लिए जनता का आभार। साथ ही कार्यकर्ताओं और मीडिया का भी उन्होंने आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि छात्रों की न्याय की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी। इस दौरान प्रेस वार्ता में मीडिया प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाइक, अजय राय और प्रकाश सिंह भी मौजूद रहे।


Tags - Aditya Sahu Rahul Gandhi Jharkhand Students Police Action Student Protest