द फॉलोअप, जमशेदपुर:
Jharkhand News: जमशेदपुर (Jamshedpur Police) में थाना स्तर पर पुलिसिंग में लापरवाही अब थानेदारों पर भारी पड़ने लगी है। अपने कर्तव्य के प्रति लापरवाही और पुलिसिंग में शिथिलता के आरोप में सीतारामडेरा थाना प्रभारी (Sitaramdera Police Station In-charge) आनंद मिश्रा को एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब (SSP Dr. Ehtesham Waqarib) ने तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspended) कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें पुलिस लाइन क्लोज (Police Lines Closed) कर दिया गया है। इसके साथ ही सीतारामडेरा थाना में नये प्रभारी की पदस्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। मिली जानकारी के अनुसार, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था के संधारण और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थी। विभागीय स्तर पर इसकी समीक्षा और जांच करायी गयी।

निर्देशों के अनुपालन में कमी
जांच के दौरान थाना प्रभारी के स्तर से कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही (Negligence in duties) के साथ अनुशासन संबंधी खामियां और वरीय अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में कमी सामने आने की बात कही गयी है। इसके बाद एसएसपी ने आनंद मिश्रा के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। थाना प्रभारी पर हुई कार्रवाई के बाद अब सीतारामडेरा थाने की कमान नये अधिकारी को सौंपने की तैयारी है। नये प्रभारी की पदस्थापना तक थाना की नियमित पुलिसिंग और विधि-व्यवस्था प्रभावित नहीं हो, इसके लिए विभागीय स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। थाना स्तर पर लापरवाही के मामले में यह हाल के दिनों में दूसरी बड़ी कार्रवाई है।

एक अक्टूबर को बिरसानगर थाना प्रभारी निलंबित
इससे पहले बीते एक अक्टूबर को बिरसानगर थाना प्रभारी संतोष कुमार को भी कार्य में लापरवाही और अन्य विभागीय कारणों को लेकर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया था। उनके हटने के बाद बिरसानगर थाना में तैनात एक सब इंस्पेक्टर को अस्थायी रूप से विधि-व्यवस्था और थाना संचालन की जिम्मेदारी दी गयी थी। लगातार दो थाना प्रभारियों पर हुई कार्रवाई को पुलिस महकमे में एसएसपी की सख्ती से जोड़कर देखा जा रहा है। खासकर थाना स्तर पर पुलिसिंग, लंबित मामलों के निष्पादन (Disposal of pending cases), विधि-व्यवस्था और वरीय अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन को लेकर अब जवाबदेही तय किये जाने के संकेत मिल रहे हैं।