द फॉलोअप डेस्क
सारंडा अंतर्गत जराइकेला थाना क्षेत्र के छोटा सागजोड़ी नाला में महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले का उद्भेदन करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय जॉनसन कंडुलना के रूप में हुई है, जो ओडिशा के लाठीकठा थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीबेरा गांव का निवासी है।
मामले को लेकर बुधवार को जराइकेला थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी जयदीप लकड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते 15 जनवरी को थाना क्षेत्र के छोटा सागजोड़ी नाला के पास एक 50 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया था। प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल से बरामद खैनी का डिब्बा और गले की रोजरी माला के आधार पर पुलिस ने कड़ियों को जोड़ते हुए आरोपी जॉनसन कंडुलना तक पहुंच बनाई। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी जयदीप लकड़ा के नेतृत्व में थाना प्रभारी अमित कुमार की अगुवाई में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मृत महिला उसकी रिश्तेदार थी। 15 जनवरी को दोनों ने साथ में शराब पी थी। इसके बाद आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म करने की नीयत से उसे देर शाम नाला के पास झाड़ियों की ओर ले जाने का प्रयास किया। इसी दौरान खींचतान में महिला के सिर में चोट लग गई। इसके बाद आरोपी उसे घसीटकर झाड़ियों में ले गया और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी और शव को नाला के समीप छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। छापेमारी दल में एसआई भीमाराम बानसिंह, एसआई अरुण कुमार सिंह, एएसआई रघुनाथ बानरा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
