logo

लातेहार : मनिका में ACB की कार्रवाई, 10 हजार रुपये रिश्वत लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार

WhatsApp_Image_2026-08-06_at_1_38_53_PM.jpeg

लातेहार 
लातेहार जिले के मनिका प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़काडीह पंचायत के पंचायत सचिव नागेश्वर रजक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी मनिका प्रखंड कार्यालय परिसर में की गई, जिससे पूरे कार्यालय और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
योजना के भुगतान के बदले मांगी जा रही थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, एक योजना के भुगतान और उसकी प्रशासनिक स्वीकृति देने के एवज में पंचायत सचिव द्वारा आवेदक से 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। आवेदक ने कई बार बिना रिश्वत दिए काम कराने का प्रयास किया, लेकिन पंचायत सचिव ने कथित तौर पर पैसे के बिना फाइल आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया। इससे परेशान होकर आवेदक ने पलामू प्रमंडल एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
सत्यापन के बाद एसीबी ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का गुप्त सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की शिकायत सही पाई गई। इसके बाद एसीबी ने एक विशेष टीम का गठन कर ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार को तय योजना के तहत जैसे ही आवेदक ने मनिका प्रखंड कार्यालय परिसर में पंचायत सचिव को 10 हजार रुपये की रिश्वत सौंपी, पहले से घात लगाए एसीबी अधिकारियों ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। 
कागजी कार्रवाई के बाद मेदिनीनगर ले गई एसीबी टीम
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने मौके पर आवश्यक कानूनी और कागजी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद आरोपी पंचायत सचिव नागेश्वर रजक को मेदिनीनगर स्थित एसीबी थाना ले जाया गया। अधिकारियों के अनुसार, आगे की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।

Tags - ACB Corruption Latehar Manika Jharkhand News