गिरिडीह:
गिरिडीह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. विमल कुमार से फोन पर बातचीत की। बाबूलाल मरांडी ने एसपी से मामले में अब तक FIR दर्ज नहीं किए जाने को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मारपीट की घटना के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं होना गंभीर विषय है। उन्होंने जिले के एसपी से मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।
.jpeg)
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई हो
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मामले में मजिस्ट्रेट के माध्यम से जल्द से जल्द FIR दर्ज कराई जाए और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई हो। इधर, घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। BJP और ABVP की ओर से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए जा रहे हैं, जबकि पूरे मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी दबाव बढ़ता दिखाई दे रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है।
