logo

लोक परीक्षा संशोधन विधेयक ऐतिहासिक कदम, युवाओं का भविष्य होगा सुरक्षित- अभय सिंह

abhay_singh_bjp.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

लोकसभा में लोक परीक्षा संशोधन विधेयक 2026 पारित होने का भारतीय जनता पार्टी ने स्वागत किया है। झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने इसे परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और मजबूत बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। अभय सिंह ने जारी बयान में कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने पेपर लीक और परीक्षा में होने वाली गड़बड़ियों को रोकने के लिए मजबूत कानून बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने कहा कि इस कानून से परीक्षा प्रणाली में विश्वास बढ़ेगा और इसमें शामिल अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

परीक्षा माफियाओं पर प्रभावी रोक

उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों में दोषी पाये जाने वाले लोगों पर 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना लगाने का प्रावधान स्वागत योग्य कदम है। वहीं, परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों और कंपनियों की संलिप्तता सामने आने पर उन पर 5 करोड़ रुपये तक का जुर्माना और आठ वर्षों तक ब्लैकलिस्ट करने की व्यवस्था भी सख्त कार्रवाई का संदेश देती है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कानून में सजा के प्रावधानों को और कठोर बनाया गया है, जिससे परीक्षा माफियाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।

ध्वनि मत से पारित होना देश की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक बड़ा कदम

इसके अलावा मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों के गठन की व्यवस्था भी शिक्षा जगत के हित में महत्वपूर्ण निर्णय है। अभय सिंह ने कहा कि लोकसभा में मानसून सत्र के दौरान पब्लिक एग्जामिनेशंस अमेंडमेंट बिल 2026 का ध्वनि मत से पारित होना देश की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक बड़ा कदम है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और एनडीए के सभी सांसदों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि परीक्षा में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना युवाओं के भविष्य से जुड़ा विषय है और इस दिशा में बनाया गया यह कानून विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेगा।

Tags - Public Examinations Amendment Act Jharkhand BJP Anti Paper Leak Law Fast Track Courts