logo

अभय सिंह का आरोप : रिम्स गरीब मरीजों की मदद नहीं, अवैध वसूली का केंद्र बन गया है

rimss1.jpg

रांची 

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने राज्य की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा है कि एक भी दिन ऐसा नहीं होता है जब झारखंड के विभिन्न हिस्सों के अखबारों में स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी कुव्यवस्था की खबरें पूरे सिस्टम की पोल नहीं खोलती हों। बावजूद इस संवेदनहीन सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में हो रहे भ्रष्टाचार, मनमानी और धूर्तता से सीधा असर राज्य की गरीब जनता पर पड़ रहा है।   विभाग पूरी तरह लचर व्यवस्था में है। साथ ही जनता की गाढ़ी कमाई दोनों हाथों से लूट रही है। आम जनता रिम्स में हो रहे व्याप्त भ्रष्टाचार से काफी परेशान है। चिकित्सक हो या ठेकेदार, इस सरकार से उन्हें तनिक भी भय नहीं है।

अवैध वसूली का केंद्र

 सिंह ने कहा कि झामुमो सरकार की नाक के नीचे राज्य का सबसे बड़ा चिकित्सा संस्थान रिम्स अब गरीब मरीजों की मदद के बजाय अवैध वसूली का केंद्र बन चुका है। रिम्स के विश्राम गृह में तय 25 रुपये की जगह कैंटीन संचालक द्वारा 240 रुपये तक लोगों से वसूली की जा रही है। इस प्रकार जनता दोनों ओर से मारी जा रही है। रिम्स की अराजकता चरम पर है। वहां के ठेकेदारों और चिकित्सकों की मिलीभगत के कारण राज्य की जनता को दोनों हाथों से लूटा जा रहा है। शर्मनाक बात यह है कि मुख्यमंत्री की नाक के नीचे रांची में यह हो रहा है। भला इस स्थिति में राज्य की जनता का मालिक कौन है ?

सरकार पर लगाये ये आरोप 

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि एक तरफ सरकार राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध होने को लेकर डींगे हांक रही है,  वहीं दूसरी तरफ राज्य की जनता की यह बदहाली एवं जमीनी सच्चाई, सरकार के झूठे दावों की पोल खोल रही है। कांग्रेसी स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और झामुमो की यह सरकार पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है, जिसे इलाज के लिए भटकते गरीब परिवारों की मजबूरी और उनके हो रहे आर्थिक शोषण से कोई सरोकार नहीं है। बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर न कांग्रेसी स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का तनिक भी ध्यान है, न राज्य के मुख्यमंत्री कुछ एक्शन ले रहे हैं। झारखंड सरकार अपने मंत्रियों एवं विधायकों का इलाज राज्य से बाहर अच्छे अच्छे चिकित्सीय संस्थान में कराती है और राज्य की जनता को पूरी तरह भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है।


 

Tags - RIMS Abhay Singh Jharkhand Poor Patients Illegal Extortion