द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले में एक शादी समारोह के दौरान 14 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर किशोरी को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में जामताड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि किशोरी अपने परिवार के साथ 7 जुलाई की शाम एक शादी समारोह में शामिल होने सतशाल गांव गई थी। रात में घर लौटने की तैयारी के दौरान वह अचानक गायब हो गई। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
.jpg)
बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जामताड़ा थाना क्षेत्र के भर चंडीह गांव निवासी झूलन दास किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों का यह भी आरोप है कि जब वे आरोपी के रिश्तेदारों से जानकारी लेने पहुंचे तो उन्हें गंभीर धमकी दी गई। शिकायत में आरोपी के मामा पर अपमानजनक और भय पैदा करने वाले बयान देने का आरोप लगाया गया है।

छानबीन में जुटी पुलिस
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। किशोरी की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और उसे सुरक्षित बरामद करने के साथ-साथ दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किशोरी के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें।