द फॉलोअप डेस्क
देवघर में एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है। यह घटना रिखिया थाना क्षेत्र के पुनसिया गांव की है। बताया जा रहा है कि स्थानीय निवासी मनु राउत सड़क पर अपनी स्कूटी पर बैठा हुआ था। उसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और स्कूटी हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।
बहस इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने पिस्टल निकालकर मनु राउत को गोली मार दी। गोली मनु के बाएं हाथ में लगी है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल मनु राउत को तुरंत देवघर सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल मनु खतरे से बाहर है। वहीं, पुलिस ने मनु राउत के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की तलाश जारी है।