द फॉलोअप डेस्क
लौहनगरी जमशेदपुर में दुर्गा पूजा के उल्लास के बीच शहर में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। दरअसल, मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र स्थित जवाहरनगर के तैयबा नगर, रोड नंबर-13 डी में रविवार शाम करीब 5 बजे एक 23 वर्षीय युवक अबू सनान उर्फ बब्बो पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हालांकि, घटना में युवक बाल-बाल बच गया, लेकिन इलाके में अफरा-तफरी का माहौल फैल गया।
जानकारी के अनुसार, बब्बो अपने राशन स्टोर के काम से बाहर निकला था और वही से एक दोस्त के घर जा रहा था। तभी पहले से घात लगाये बैठे 3-4 युवकों ने उसे रोककर बातचीत का बहाना किया और अचानक उस पर गोलियां बरसा दीं। गोली बब्बो को नहीं लगी, लेकिन घटना ने पूरे मोहल्ले में दहशत फैला दी। परिवार का आरोप है कि कुछ दिनों से बब्बो से अपराधी रंगदारी की मांग कर रहे थे। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। बब्बो के परिजनों ने हमलावरों की पहचान भी की है। जिसमें वसीम अख्तर उर्फ काले, रौनक बच्चा और शाहरुख उर्फ चूहा बच्चा पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है।
घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गये। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खाली खोखे बरामद किया और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और पुलिस कार्रवाई अपेक्षित ढंग से नहीं हो रही। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की पहचान स्पष्ट है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
