logo

हुरूहुरू में कुएं से युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका से इलाके में तनाव, डॉग स्क्वॉड जांच में जुटी

shav_hzb.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत हुरूहुरू मोहल्ले में बुधवार सुबह करीब 10 बजे उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक लंबे समय से सुनसान पड़े कुएं से युवक का शव बरामद किया गया।  शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई और लोगों में आक्रोश का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले कुएं में एक शव तैरता हुआ देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना बड़ा बाजार थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान हुरूहुरू निवासी लालू यादव के रूप में की गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने आशंका जताई है कि लालू यादव की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को कुएं में फेंका गया है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने आसपास के इलाके में सघन जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बड़ा बाजार थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे हुरूहुरू क्षेत्र में मातम और तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, ताकि सच्चाई सामने आ सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

 

Tags - Hazaribagh dead body found in well Bara Bazar police station case Huruhuru locality incident Hazaribagh Suspicious death in Jharkhand Body recovered from abandoned well Jharkhand crime news 2026 Lalu Yadav Hazaribagh death case