गढ़वा:
झारखंड के गढ़वा में जंगली हाथी के हमले में युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रंका थानाक्षेत्र अंतर्गत गांगोडीह गांव के 32 वर्षयी रामसकल मांझी के रूप में हुई है। रामसकल को जंगली हाथी ने उस समय कुचल दिया, जब वह सुबह 9 बजे गांगोडीह पीएफ के जंगल में खुखड़ी चुनने गया था। बताया जाता है कि खुखड़ी चुनने के दौरान वह जंगली हाथियों के झुंड से घिर गया। रामसकल ने मदद के लिए आवाज भी लगाई, जिसे चरवाहों ने सुना, लेकिन जब तक लोग मदद के लिए पहुंच पाते, हाथियों ने युवक को कुचल दिया।

घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल
ग्रामीणों ने तत्काल घटना की जानकारी वन विभाग और रंका थाना पुलिस को दी। हाथियों के मौजूद होने के कारण ग्रामीणों में इतना भय है कि वे जंगल में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण मवेशियों को चराने के लिए जंगल के आसपास जाने से भी डर रहे हैं। बताया जा रहा है कि सीमावर्ती राज्य छत्तीसगढ़ के जंगलों से कनहर नदी पार कर हाथियों के झुंड रंका, चिनियां, रमकंडा, भंडरिया और बड़गड़ थाना क्षेत्र के जंगलों में पहुंचते रहे हैं। इस दौरान जंगल किनारे बसे गांवों में हाथियों के हमले से इंसानों की मौत के साथ-साथ घर, मवेशी और फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है।

हाथियों के हमले में गई दर्जनभर लोगों की जान
ग्रामीणों ने कहा किया पिछले एक साल में इस इलाके में हाथियों के हमले में करीब दर्जन भर लोगों की जान जा चुकी है, जबकि दर्जनों घरों को हाथियों ने क्षतिग्रस्त किया है। लगातार हो रहे हाथियों के हमले से ग्रामीणों में वन विभाग और प्रशासन से सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग उठ रही है।