द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह शहर के चंदनडीह इलाके से ताल्लुक रखने वाला एक युवक मंगलवार की दोपहर उशरी नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में बह गया। अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
घटना मंगलवार करीब दोपहर 2 बजे की है। चंदनडीह निवासी राजेश पांडे (पिता- होरिल पांडे) अपने छोटे भाई अनुज पांडे के साथ उशरी नदी में नहाने गया था। इस दौरान अचानक नदी का बहाव तेज हो गया, और दोनों भाई उसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से अनुज को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन राजेश पानी के तेज धार में बह गया।
सूचना मिलते ही पचम्बा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव अभियान शुरू कराया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सघन तलाश जारी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक युवक का कोई पता नहीं चल सका है। इधर, प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश और नदी के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए आम लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि नदी या नाले के पास न जाएं, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। राजेश की तलाश में जुटे परिजन और ग्रामीण अभी भी उम्मीद लगाए हुए हैं कि वह सुरक्षित मिल जाए। पुलिस और प्रशासन की टीम राहत कार्य में लगातार लगी हुई है।
