logo

इंटरव्यू से पहले मिठाई लेने निकला युवक फायरिंग की चपेट में, पैर में लगी गोली

a705.jpg

गोलमुरी/जमशेदपुर:

जमशेदपुर के गोलमुरी थानाक्षेत्र में रविवार देर रात हुई फायरिंग की घटना में एक युवक घायल हो गया। घायल युवक की पहचान टाटा लाइन निवासी दीपक झा के रूप में हुई है। उसके पैर में गोली लगी है। घायल अवस्था में उसे तत्काल टीएमएच में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। जानकारी के मुताबिक दीपक सोमवार को नौकरी के लिए इंटरव्यू देने कोलकाता जाने वाला था। इससे पहले रविवार रात वह घर से मिठाई खरीदने के लिए गोलमुरी की ओर निकला था। इसी दौरान देबू बागान चौक के पास कुछ युवकों का आपस में किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था।

किसी और के विवाद की चपेट में आया युवक
विवाद के बीच अचानक फायरिंग हुई और एक गोली दीपक के पैर में आ लगी। शुरुआत में उसे गोली लगने का एहसास नहीं हुआ। कुछ देर बाद दर्द महसूस होने पर उसने अपने एक परिचित को फोन कर बुलाया और इलाज के लिए टीएमएच पहुंचा। जांच के दौरान डॉक्टरों ने गोली लगने की पुष्टि की।  घटना के बाद  गोली चलाने वाले युवक वहां से फरार हो गये। इधर सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।

गोली चलाने वालों की पहचान बाकी है
फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह और गोली चलाने वालों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जायेगी।

Tags - Jharkhand NewsJamshedpurFiringGolmuri Police StationCrime News