द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिला में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां मालदा डिवीजन के साहिबगंज रेलवे पश्चिम फाटक के पास एक युवक ने चलती पैसेंजर ट्रेन में दौड़कर चढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान उसका पैर ट्रेन के चक्के के अंदर चला गया, जिससे उसके दोनों पैर कट गए। घायल युवक की पहचान जमालपुर निवासी राकेश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राकेश अपने रिश्तेदार के यहां साहिबगंज के मदनशाही आया हुआ था।
हादसे के तुरंत बाद, वहां मौजूद दो लड़कों ने 108 एम्बुलेंस को कॉल कर सूचना दी। मौके पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान भी पहुंचे। घायल युवक को देखने के लिए घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। 108 एंबुलेंस वाहन द्वारा राकेश को बेहतर इलाज के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू कर दिया है।
