जमशेदपुर
जमशेदपुर के बारीडीह स्थित विजया गार्डन जाने वाली सड़क पर गुरुवार रात एक महिला से बदमाशों ने चेन छिनतई की घटना को अंजाम दिया. पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने स्कूटी से घर लौट रही महिला के गले से चेन छीन ली. महिला ने पीछा करने की कोशिश की तो अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गये. घटना के बाद बिरसानगर थाना पुलिस जांच में जुट गयी है.
पीछा करने पर गोली मारने की दी धमकी
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बेटी को लेकर स्कूटी से घर वापस लौट रही थी. इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो युवक उनके बराबर आकर चलने लगे. अचानक पीछे बैठे बदमाश ने महिला के गले से चेन झपट ली और बाइक तेजी से आगे बढ़ा दी. इस दौरान महिला ने हिम्मत दिखाते हुए स्कूटी से बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की. तभी बाइक पर पीछे बैठे अपराधी ने पिस्तौल निकालकर उन्हें धमकाया और पीछा करने पर गोली मारने की बात कही. हथियार देखकर महिला डर गयी और वहीं रुक गयी. इसके बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गये.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
दूसरी ओर घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गये. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जायेगी. इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है. इलाके के लोगों का कहना है कि पहले यह सड़क अपेक्षाकृत सुरक्षित मानी जाती थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों से यहां असामाजिक तत्वों की आवाजाही और अड्डेबाजी बढ़ गयी है. स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से सड़क पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने और नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि रात के समय लोगों की सुरक्षा बनी रहे.
.jpeg)