द फॉलोअप डेस्क
बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय महिला की जान चली गई। धर्मशाला मोड़ और महावीर चौक के बीच स्थित एक फूल दुकान के पास फुटपाथ पर सो रही भुचकी हाड़ी को एक अनियंत्रित कार ने कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान चास के हाड़ी मोहल्ला निवासी भुचकी हाड़ी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह बाजार में भिक्षाटन कर अपना जीवनयापन करती थी और रात में फुटपाथ पर ही सो जाया करती थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क और फुटपाथ के बीच लगभग पांच फीट की दूरी है। इसके बावजूद तेज रफ्तार और कथित रूप से नशे में धुत कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और फुटपाथ तक चढ़ा दिया, जिससे महिला उसकी चपेट में आ गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत कार चालक को वाहन से बाहर निकाला। इस दौरान जमीन पर खून बहता देख लोगों का ध्यान महिला की ओर गया। उसकी सांसें चल रही थीं, जिसके बाद उसे तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन प्राथमिक जांच में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रात में ही शव का पंचनामा तैयार कर उसे मॉर्चरी में रखवा दिया। रविवार सुबह परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया। पहचान की पुष्टि के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। इधर, जब लोग महिला को अस्पताल पहुंचाने में जुटे थे, उसी दौरान कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है।