पलामू:
पलामू जिला के पांडू थानाक्षेत्र अंतर्गत जमुदाहा जंगल से महिला का कंकाल मिला है। कंकाल मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी मच गई। शुक्रवार को जमुदाहा जंगल में नरकंकाल मिलने की सूचना पर पांडू थाना पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। कंकाल के पास मिले कपड़ों के आधार पर पुलिस ने इसकी पहचान सुनीता देवी के रूप में की, जो 29 मई 2026 को जंगल में लकड़ी लाने गई और फिर लापता हो गई थी। 37 वर्षीय सुनीता देवी भटवलिया की रहने वाली थीं। संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का कंकाल मिला है, तो रहस्य गहरा गया है कि महिला की हत्या की गई थी या वह किसी जंगली जानवर के हमले का शिकार हो गईं।

शव मिलने की घटना पर चर्चा का बाजार गर्म
जमुदाहा जंगल में महिला का शव मिलने की घटना पर इलाके में तरह-तरह की चर्चा है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि जंगल में लकड़ी चुनने गई महिला संभवत किसी जंगली जानवर के हमले का शिकार हो गई होंगी। हालांकि, मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए इस केस की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की है। पोस्टमॉर्टम समेत अन्य वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए शव के अवशेषों को रिम्स (रांची) भेज दिया गया है।
मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाएगी पुलिस
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।