द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा जिले के ठाकुरगंगटी प्रखंड से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के आलोक उर्फ़ अलख कुमार पर एक नेपाल मूल की महिला ने प्रेम, धोखाधड़ी और शारीरिक शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि साल 2017 में दोनों ने दिल्ली के मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की थी। शादी के बाद दोनों दुबई तक साथ रहे और कई बार नेपाल स्थित पीड़िता के घर भी गये।
आरोप है कि आलोक ने पत्नी से न सिर्फ़ भावनात्मक रिश्ता निभाया बल्कि मोबाइल की दुकान खोलने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठे। पीड़िता का कहना है कि उसने आलोक को करीब 25 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद की। महिला ने बताया कि वह दुर्गा पूजा और छठ जैसे अवसरों पर पति के घर आती-जाती रही और कई महीनों तक ससुराल में भी रही। लेकिन जून 2024 में अचानक मामला पलट गया। आरोप है कि आलोक ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता में दूसरी शादी रचा ली और पीड़िता से सारे संबंध तोड़ दिए।.jpeg)
महिला का कहना है कि जब उसने संपर्क करने की कोशिश की तो आलोक ने अपना मोबाइल तक बंद कर लिया। हताश और आहत पीड़िता आखिरकार गोड्डा जिला के अधिकारियों के पास पहुंची और पति पर जीवन से खिलवाड़ करने, धोखाधड़ी और शारीरिक शोषण का गंभीर आरोप लगाया।
इस संबंध में थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने कहा है कि महिला के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। इधर, रविवार को साहेबगंज जिला के मंडरो प्रखंड के कला-संस्कृति भवन में आयोजित जिला अध्यक्ष चयन बैठक में मौजूद ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के सामने भी महिला ने अपनी आपबीती सुनाई। मंत्री ने पीड़िता की बातें ध्यान से सुनीं और भरोसा दिलाया कि – आपको न्याय जरूर मिलेगा। जिसने आपके साथ गलत किया है, वह सलाखों के पीछे होगा।