logo

RKDF यूनिवर्सिटी में सेवा-संस्कार का संगम: कुलाधिपति के जन्मदिन पर गौ सेवा और रक्तदान शिविर का आयोजन  

RKDF यूनिवर्सिटी में सेवा-संस्कार का संगम: कुलाधिपति के जन्मदिन पर गौ सेवा और रक्तदान शिविर का आयोजन  

द फॉलोअप डेस्क, रांची:
मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक उत्तरदायित्व और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को केंद्र में रखते हुए आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी में कुलाधिपति डॉ. साधना कपूर के जन्मदिन के अवसर पर विभिन्न सेवा एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जन्मदिन के इस विशेष अवसर को विश्वविद्यालय परिवार ने समाज के प्रति समर्पण और सेवा भावना के साथ मनाया। कार्यक्रम की प्रमुख कड़ी के रूप में रिम्स के तत्वावधान में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव जीवन की रक्षा में अपना योगदान दिया। इस अवसर पर रक्तदान को महादान बताते हुए समाज के लोगों को भी नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया।

मूक-बधिर विद्यालय में भी विशेष कार्यक्रम

इसी क्रम में विश्वविद्यालय परिसर में विश्वकर्मा पूजा के शुभ अवसर पर भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना की गयी। शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक पूजा में भाग लिया और ज्ञान, कौशल, तकनीक, श्रम एवं सृजन के प्रतीक भगवान विश्वकर्मा से संस्थान की निरंतर प्रगति, समृद्धि एवं सफलता की कामना की। यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति के जन्मदिन समारोह को सामाजिक सेवा से जोड़ते हुए गौशाला एवं मूक-बधिर विद्यालय में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने वहां पहुंचकर सेवा, सहयोग एवं संवेदना का परिचय दिया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत

इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि जन्मदिन का वास्तविक उत्सव तब और सार्थक हो जाता है, जब खुशियों को समाज के साथ साझा किया जाए और किसी जरूरतमंद के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जाए। रक्तदान से जीवन बचाने, गौसेवा के माध्यम से करुणा व्यक्त करने तथा मूक-बधिर बच्चों के साथ समय बिताने जैसी पहलें इसी मानवीय सोच को प्रतिबिंबित करती हैं। आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में मानवीय मूल्यों, सामाजिक संवेदनशीलता, सेवा भावना और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम इसी प्रतिबद्धता का एक सार्थक उदाहरण रहा। कार्यक्रम के अंत में आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी परिवार की ओर से कुलाधिपति डॉ. साधना कपूर को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं तथा उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना की गई।

Tags - RKDF University Chancellor birthday Dr Sadhana Kapoor