द फॉलोअप डेस्क
धनबाद स्थित झरिया के लिलोरीपथरा में अवैध कोयला लदे ट्रक ने एक बच्ची को रविवार देर रात लगभग दो बजे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बच्ची घर के बाहर सो रही थी। बच्ची का नाम मुस्कान है जिसकी उम्र 11 वर्ष बताई जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने झरिया-बलियापुर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। एक बार फिर अवैध कोयला परिवहन और बेलगाम ट्रकों की आवाजाही पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों व स्वजन का आरोप है कि क्षेत्र में रात के अंधेरे में अवैध कोयला ढोने वाले ट्रकों की लगातार आवाजाही होती है। भारी वाहन तेज रफ्तार में मोहल्ले से गुजरते हैं, जिससे आए दिन हादसों की आशंकाएं बनी रहती है।

लोगों का कहना है कि प्रशासन को कई बार इसकी शिकायत की गई है, लेकिन कोई भी ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस हादसे ने लोगों के गुस्से को भड़का दिया। वहीं, सोमवार की सुबह करीब 7 बजे आक्रोशित स्वजन और स्थानीय लोगों ने झरिया–बलियापुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने अवैध खनन पर रोक लगाने और दोषी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। वहीं, सड़क जाम के कारण यातायात पूरी तरह ठप होने से आमलोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही झरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
.jpeg)
हालांकि आक्रोशित लोग कार्रवाई की ठोस घोषणा तक हटने को तैयार नहीं थे। माहौल तनावपूर्ण बना रहा। वहीं, मौके पर पूर्व विधायक सह मेयर प्रत्याशी संजीव सिंह भी पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और प्रशासन से अवैध परिवहन पर सख्ती बरतने की मांग की। हालांकि, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार ने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि मामले की जांच कर दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।