दुमका:
दुमका कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश के नाम स्पीड पोस्ट से भेजी गई यह चिट्ठी बांग्ला भाषा में लिखी है। धमकी भरी चिट्ठी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे कोर्ट परिसर की गहन छानबीन की गई। आरंभिक जांच में धमकी भरी चिट्ठी का स्त्रोत पश्चिम बंगाल में होने की आशंका है। इस चिट्ठी में गोड्डा कोर्ट का भी जिक्र किया गया है। गौरतलब है कि धमकी भरी चिट्ठी के साथ 2 लोगों का नाम और एक आधार कार्ड की प्रति भी संलग्न थी।

दुमका एसपी ने क्या जानकारी दी है
तलाशी के दौरान कोर्ट परिसर में कोई भी संदिग्ध चीज वस्तु नहीं मिली, हालांकि एहतियातन कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दुमका एसपी ने बताया कि चिट्ठी के साथ मिले आधार कार्ड का सत्यापन कराया गया है। जांच में सामने आया कि जिस व्यक्ति के नाम का इस्तेमाल इस चिट्ठी में किया गया है, उसका इस कांड से कोई लेना-देना नहीं है। संबंधित व्यक्ति ने बताया कि उसके आधार कार्ड का दुरुपयोग किया गया है। आरंभिक जांच से ऐसा पता चला है कि स्पीड पोस्ट पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्धमान जिले के भातार थानाक्षेत्र से आया था। पुलिस तकनीकी समेत अन्य पहलुओं पर छानबीन में जुटी है। गोड्डा और दुमका कोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

रांची सिविल कोर्ट भी मिली थी धमकी
यह पहली बार नहीं है जब झारखंड में सरकारी प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचाने की धमकी मिली हो। इससे पहले रांची सिविल कोर्ट के अलावा धनबाद और साहिबगंज कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। नामकुम स्थित एक प्रतिष्ठान को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है।