गढ़वा:
गढ़वा जिले के चर्चित जुड़वानिया शिव मंदिर में देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। बताया जा रहा है कि 4 से 5 गांवों के बीच स्थित इस मंदिर में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इस बार चोर ने रात करीब 2 बजे मंदिर परिसर को निशाना बनाया और तीन पहिया ठेले पर सामान लादकर ले जाने लगा। हालांकि, उसकी करतूत मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर थाना ले गई। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है।

सोमवार की मध्यरात्रि को हुई वारदात
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मध्य रात्रि एक व्यक्ति तीन पहिया ठेला लेकर मंदिर परिसर के पास पहुंचता है। इसके बाद वह मंदिर का सामान ठेले पर लादकर वहां से निकलने की कोशिश करता है। मंदिर में लगे CCTV कैमरे में चोरी की पूरी घटना कैद हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर गढ़वा थाना ले गई। बताया जा रहा है कि संदिग्ध की पहचान सहिजना निवासी के रूप में हुई है।

पहले भी हो चुकी है चोरी की वारदात
स्थानीय लोगों के मुताबिक जुड़वानिया शिव मंदिर में इससे पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इतना ही नहीं, मंदिर के आसपास नदी क्षेत्र में खेती के लिए लगाए गए टुल्लू पंप की चोरी की घटना भी कुछ दिन पहले हुई थी। ऐसे में स्थानीय लोग मंदिर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और संदिग्ध से पूछताछ के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।