द फॉलोअप डेस्क
देवघर स्थित AIIMS में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। MBBS सत्र 2023 में पढ़ाई कर रहा एक छात्र हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गया। इस हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया है। फिलहाल उसे एम्स के इमरजेंसी ब्लॉक में भर्ती किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घायल छात्र का नाम ध्रुव कुमार है, जिसकी उम्र 24 साल बताई गई है। वह मध्य प्रदेश के अशोक नगर जिले का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को क्लास के दौरान उसने तबीयत खराब होने की बात कही और हॉस्टल में आराम करने चला गया। रात करीब 8 बजे वह हॉस्टल के नीचे गंभीर हालत में गिरा पाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही देवीपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्ण के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस हॉस्टल के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल की बारीकी से छानबीन की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही एम्स डायरेक्टर सौरव वार्ष्णेय भी इमरजेंसी ब्लॉक पहुंचे और ध्रुव की स्थिति का जायजा लिया। एम्स प्रशासन ने छात्र के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। एम्स प्रबंधन के अनुसार, ध्रुव फिलहाल होश में है और उसकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
