logo

खूंटी में कुएं में गिरा भटका हाथी, रांची से भटकते हुए पहुंचा था शहरी इलाके में

ोलगुोीो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
खूंटी जिले के अनिगड़ा इलाके में हाथी कुएं में गिर गया। वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू की तैयारी में जुट गई है। बुलडोजर से खुदाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि यही हाथी पिछले दिनों रांची के हटिया इलाके में देखा गया था। शहरी क्षेत्र में उसकी मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल बन गया था। इसके बाद वह भटकते हुए भंडरा क्षेत्र से गुजरकर खूंटी के शहरी इलाके में प्रवेश कर गया। वन विभाग उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए था और योजना के तहत कॉरिडोर बनाकर उसे सुरक्षित जंगल की ओर भेजने की तैयारी चल रही थी। इसी बीच हाथी अनिगड़ा गांव पहुंच गया और वह एक खुले कुएं में गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हाथी गिरा है, वहां से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर पूर्व सांसद कड़िया का आवास भी स्थित है। हालांकि फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान हाथी को सुरक्षित बाहर निकालने पर केंद्रित है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन सावधानीपूर्वक चलाया जाएगा, ताकि हाथी को बिना नुकसान पहुंचाए बाहर निकाला जा सके। साथ ही, आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।