द फॉलोअप डेस्क
पंड़वा थाना पुलिस ने 1 जनवरी को ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में मुमताज खान नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुमताज खान गढ़वा का निवासी है और पंड़वा और डालटनगंज में ब्राउन शुगर की बिक्री करता था। पुलिस ने उसे माधुरी जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से विधिवत तलाशी ली, तो उसके पास से ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद हुआ, जो ढेले के रूप में था। बरामद ब्राउन शुगर का वजन 64.3 ग्राम था। इसके साथ ही आरोपी के पास से एक पीले रंग का पोको कंपनी का मोबाइल फोन और 1200 रुपये की नकद राशि भी बरामद हुई।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की थी। इस पर वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी दल का गठन किया गया। जब पुलिस दल ने माधुरी जंगल में आरोपी को देखा, तो वह भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। आरोपी से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह गढ़वा से ब्राउन शुगर लाकर विभिन्न क्षेत्रों में बेचता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लाकर इस मामले में कांड दर्ज किया और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
