चंदन कश्यप/गढ़वा:
5 करोड़ रुपये की बड़ी लागत से बनी सड़क केवल 4 महीने में बदहाल हो गई। गढ़वा जिला मुख्यालय को बरडीहा प्रखंड से जोड़ने वाली सड़क पर जगह-जगह दरारें हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में संवेदक और विभागीय अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध है। हालांकि, मामला सामने आने के बाद अधिकारी जांच की बात कह रहे हैं। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत इस सड़क को बनाने का जिम्मा त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन एजेंसी को मिला था। यही एजेंसी जिले में अलग-अलग सड़क बनाने में लगी है जिनकी लागत 60 करोड़ रुपये है।
लड़गढ़ा को बरडीहा प्रखंड से जोड़ती है सड़क
ग्रामीण राजकुमार मेहता ने कहा कि ये सड़क लड़गढ़ा को बरडीहा प्रखंड से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण को अभी 1 साल भी नहीं बीता है और इसकी हालत खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क जगह-जगह से फट गई है। गार्डवाल का निर्माण कार्य भी पूरा नहीं किया गया है। यहा सीधे तौर पर सड़क निर्माण में लगे लोगों की लापरवाही है।
सड़क के साथ गार्डवाल की गुणवत्ता पर सवाल
ग्रामीण, सड़क के अलावा गार्डवाल की गुणवत्ता पर भी सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि गार्डवाल के निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई है। उनका आरोप है कि बिना सही कटिंग के पत्थर लगाए जा रहे हैं और उसके बाद बालू और सीमेंट फेंक कर काम पूरा किया जा रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि बारिश होते ही गार्डवाल के किनारे की मिट्टी बहने लगी। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है और गुणवत्ता की निगरानी करने वाले जिम्मेदार अधिकारी भी सबकुछ देखकर चुप हैं। उनका कहना है कि अगर निर्माण के दौरान ही गुणवत्ता की जांच होती, तो सड़क बनने के 4 महीने बाद यह तस्वीर सामने नहीं आती।
ग्रामीणों का कहना है कि जिला मुख्यालय से जोड़ने वाली पक्की सड़क यदि अपने निर्माण के 4 महीने बाद ही खराब हो जाएगी तो लोग आवागमन कैसे करेंगे। नौकरीपेशा लोगों को दफ्तर जाना होता है। बच्चे-बच्चियां स्कूल जाते हैं। रोजाना इसी सड़क से दर्जनों यात्री वाहनों की आवाजाही होती है। अब सड़क खराब होने से यातायात प्रभावित होगा। लोगों को परेशानी होगी।

कार्यपालक अभियंता ने जांच का आश्वासन दिया
सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किए जाने की शिकायत को विभाग ने गंभीरता से लिया है। REO विभाग के कार्यपालक अभियंता सौरभ झा ने कहा कि सड़क निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि शिकायतों की जांच कराएंगे और यदि गुणवत्ता से समझौता किया गया है तो सड़क को उखाड़कर, दोबारा नए सिरे से इसका निर्माण करवाया जायेगा।