द फॉलोअप डेस्क
रातू प्रखंड के मुरगु क्षेत्र में एनएच–75 पर शुक्रवार की शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में मुरगु पंचायत के ग्राम प्रधान जौरा उरांव की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार क्रेटा कार ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे जौरा उरांव गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर एनएच–75 को जाम कर दिया, जिससे कुछ समय तक सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप रहा।

घटना की जानकारी मिलते ही युवा नेता ओम शंकर गुप्ता सहित कई स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। ओम शंकर गुप्ता ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव प्रशासनिक एवं आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रशासन से दुर्घटना के जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। इधर, प्रशासन द्वारा सड़क जाम हटाने और स्थिति को सामान्य करने की पहल की गई। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
.jpeg)